रूस में सैन्य विद्रोह, वैगनर ग्रुप ने किया क्रेमलिन के खिलाफ जंग का ऐलान

wagner group mounts military coup in russia

यूक्रेन जंग में रूस का साथ देने वाली प्राइवेट आर्मी वैगनर ग्रुप ने क्रेमलिन के खिलाफ सैन्य विद्रोह कर दिया है। रूसी मीडिया RT की तरफ से जारी तस्वीरों में रोस्तोव शहर की सड़कों पर वैगनर की बख्तरबंद गाड़ियां दिखाई दे रही है। जिसके बाद मास्को सहित रूस के कई इलाकों में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया, और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने आनफानन में राष्ट्र को संबोधित किया जिसमें कहा- वैगनर ने हमारी पीठ में छुरा घोंपा है। उन्होंने सेना को चुनौती दी है, देश की जनता को धोखा दिया है, हम हर हाल में नागरिकों की रक्षा करेंगे।

 

कई अंतर्राष्ट्रीय न्यूज़ एजेंसीयों की रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है की वैगनर ने रूस के रोस्तोव शहर और वहां मौजूद मिलिट्री हेडक्वार्टर पर कब्जा कर लिया है। वैगनर चीफ येवगेनी प्रिगोजिन ने रूसी सेना के एक हेलिकॉप्टर को गिराने की बात भी कही है। इसके बाद मॉस्को हाई अलर्ट पर है, और राजधानी को जोड़ने वाला हाईवे बंद कर दिया गया है। मौजूदा हालात को देखते हुए रोस्तोव के मेयर ने लोगों से घर के अंदर रहने की अपील की है।

 

मॉस्को की सड़कों पर बख्तरबंद गाड़ियां और रूस की सेना तैनात कर दी गई है। सुरक्षा को मजबूत करने के लिए आतंकवाद विरोधी उपाय किए जा रहे हैं। सार्वजनिक कार्यक्रमों को प्रतिबंधित किया जा सकता है। राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के आदेश के बाद रूसी जांच एजेंसी FSB ने वैगनर चीफ के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज कर लिया है। उन पर सशस्त्र विद्रोह भड़काने का आरोप लगाया गया है। लड़ाकों से उनका कोई आदेश न मानने और उन्हें हिरासत में लेने को कहा गया है।

 

दो हफ्ते पहले ही रूस के रक्षा मंत्रालय ने एक आदेश जारी किया था, जिसके तहत यूक्रेन के खिलाफ लड़ रहे सभी प्राइवेट लड़ाकों की टुकड़ियों को रूस की सेना में शामिल होने के आदेश दिए गए थे। इसके लिए सभी प्राइवेट मिलिट्री से एक कॉन्ट्रैक्ट साइन करवाने की बात भी कही गई थी। तब प्राइवेट मिलिट्री वैगनर ने ये समझौता करने से इनकार कर दिया था। वैगनर के मालिक प्रिगोजिन ने कहा था- हम रक्षा मंत्रालय के साथ कोई समझौता नहीं करेंगे।

 

बताया जा रहा है की तनाव की रूस और वैगनर के बीच तल्खी यूक्रेन के बाखमुत में प्राइवेट आर्मी के ट्रेनिंग कैंप पर मिसाइल अटैक के बाद शुरू हुई। इस हमलें में कई वैगनर लड़ाके मारे गए थे। वैगनर के हेड प्रिगोजिन ने क्रेमलिन को इसका दोषी ठहराते हुए विद्रोह करने की ठान ली। प्रिगोजिन ने कहा- हमारे पास 25 हजार लड़ाकों की फौज है, हमने अपना लक्ष्य तय कर रखा है और हम मरने के लिए भी तैयार हैं, हम अपनी मातृभूमि और रूसी नागरिकों के लिए खड़े हैं, उन्हें ऐसे लोगों से मुक्ति मिलनी चाहिए जो आम लोगों की हत्या कर रहे हैं।

Exit mobile version